जोधपुर कमिश्नरेट में पिछले 24 घंटे में पुलिस की ओर से अलग-अलग कार्रवाइयां कर कई आरोपियों को पकड़ा गया। वहीं जुआ सट्टा और अवैध शराब को लेकर भी कार्रवाई की गई है। जोधपुर पूर्व के डांगियावास थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नशा तस्कर पकड़ा शहर की करवड़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए आरोपी रामनरेश जाट को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पुलिस ने 632 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तस्कर को गिरफ्तार किया। युवक के साथ मारपीट मंडोर के लालसागर निवासी प्रार्थी लखन गहलोत ने अपने साथ हुई मारपीट के आरोपों को लेकर पुलिस को रिपोर्ट दी। उसने बताया कि भानु बंगला के पास आरोपी जयंत, सुजीत, ओनीश और उनके 3-4 अन्य साथियों ने उसका रास्ता रोका। आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की नीयत से हमला कर उसकी जेब से 22,000 रुपए लूटकर फरार हो गए। सड़क हादसे में एक की मौत कुड़ी भगतासनी रिंग रोड सांगरिया ब्रिज के पास अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई अमराराम की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है। कुड़ी भगतासनी केके कॉलोनी में एक अन्य हादसे में अज्ञात कार ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार महिला और उसके ससुर गंभीर घायल हो गए। 4 थाने की पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब महामंदिर पुलिस ने भदवासिया सांसी बस्ती में दबिश देकर हिमजाराम सांसी (65) को अवैध हथकड़ शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। चौहाबो व कुड़ी भगतासनी: चौहाबो पुलिस ने श्रमिक कॉलोनी से आरोपी नरेंद्र सिंह को 60 पव्वे देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं कुड़ी भगतासनी पुलिस ने हेमनगर झालामंड से आरोपी ओमप्रकाश प्रजापत को 54 पव्वे देशी शराब के साथ दबोचा। विवेक विहार पुलिस ने अलग-अलग चौराहों से आरोपी अनिल भाटी और किशन को अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पत्नी की शादी करने पर मामला दर्ज प्रताप नगर थाने ने एक व्यक्ति ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। आरोप लगाया कि उनकी शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग आटा-साटा करने का दबाव बना रहे थे। ऐसा नहीं करने पर उन्होंने अपनी बेटी की शादी दूसरे युवक के साथ कर दी। युवक ने 15 लाख रुपए मांगने का आरोप भी लगाया। एम्स के सामने चल रहा था जुआ बासनी थाना पुलिस ने एम्स गेट नंबर 3 के सामने जुआ खेल रहे गिरोह पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से अनरजीत यादव, लक्षित ओड, देवेंद्र राजपूत, नरेश कुमार कंसारा, किशोर सरगरा, शंकर सांसी, जोगाराम सांसी, दीवान सांसी और मनोहर कलाल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इनके पास से जुआ राशि के 28,410 रुपए नकद जब्त किए गए हैं। मोटरसाइकिल चोरी प्रतापनगर में खेड़ापति मंदिर के बाहर से अज्ञात चोरों ने प्रार्थी जगदीश कुमार की मोटरसाइकिल पार कर दी। वहीं सरदारपुरा प्रथम-बी रोड पर एक किराये के कमरे में घुसकर चोरों ने मोबाइल और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। कॉलेज जाने का कहकर निकली युवती, नहीं लौटी माता का थान थाना क्षेत्र के राजीव गांधी कॉलोनी से एक बेटी सुबह करीब 11 बजे घर से कॉलेज जाने का कहकर निकली थी, जो शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर हर जगह ढूंढा, लेकिन सुराग न मिलने पर थाने में मामला दर्ज कराया है।