उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के 11 स्टेशनों पर लिफ्ट लगाने के लिए रेलवे ने 16.37 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना के तहत प्रत्येक स्टेशन पर दो-दो लिफ्ट स्थापित की जाएंगी। जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में आसानी होगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के अनुसार यह निर्णय विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। वर्तमान में कई छोटे व मध्यम श्रेणी के स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म पार करने के लिए केवल फुटओवर ब्रिज ही उपलब्ध है। जिससे यात्रियों को सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में परेशानी होती है। लिफ्ट की सुविधा शुरू होने के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। इन स्टेशनों पर लगेंगी लिफ्ट मंडल के जिन 11 स्टेशनों को इस योजना में शामिल किया गया है, जोधपुर का सालावास, हनवंत, लूनी, दुदिया, अजित, समदड़ी, मोकलसर,जालोर के बिशनगढ़, रानीवाड़ा, मोदरान और धनेरा स्टेशन शामिल हैं। चरणबद्ध तरीके से होगा कार्य सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि इन स्टेशनों पर लिफ्ट लगाने की स्वीकृति मिल चुकी है और कार्य को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। पहले चरण में आवश्यक तकनीकी सर्वे,डिजाइन और टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी,इसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।