जालोर में शनिवार को दिनभर बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली। शुक्रवार रात से शुरू हुई दक्षिण-पश्चिम दिशा की हवाएं शनिवार को भी चलती रहीं। करीब 38 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण कई जगह धूल के गुबार उड़ते रहे और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम के समय हवा की रफ्तार कुछ कम हुई, लेकिन रात में फिर तेज हवाएं चलने लगीं। मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी होने की उम्मीद नहीं है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलती रहेगी। जालोर, आहोर और सायला क्षेत्र में सामान्य बारिश होने से किसान अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। वहीं सांचौर, भाद्राजून, रानीवाड़ा और जसवंतपुरा क्षेत्र में अच्छी बारिश के बाद किसान खेती के काम में जुट गए हैं।