जोधपुर ग्रामीण में पंचायती राज चुनाव के मद्देनजर कल होने वाले पंच-सरपंच चुनाव से पूर्व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन में जिले के कई स्थानों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना कायम करने के लिए पुलिस द्वारा पैदल व वाहन से फ्लैग मार्च निकाला गया। आगामी पंचायतीराज चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयरहित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए यह कदम उठाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वरलाल मेघवाल के सुपरविजन में सभी वृताधिकारियों, सुपरवाइजरी अधिकारियों और थानाधिकारियों के नेतृत्व में संवेदनशील क्षेत्रों में यह मार्च निकाला गया। रूट मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से आगामी पंचायतीराज चुनाव में बिना किसी डर के शांतिपूर्ण माहौल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। साथ ही, पुलिस ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह तत्पर है।