जोधपुर शहर के सालावास रोड स्थित एक स्कूल में टीसी की मांग को लेकर हंगामा हो गया। इस पर शहर के राजश्री बाल विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रबंधन ने बासनी थाने में स्कूल परिसर में घुसकर कर्मचारियों को धमकी देने, अभद्र व्यवहार करने और तोड़फोड़ का प्रयास करने की शिकायत दी है। शिकायत में खुद को वकील बताने वाले व्यक्ति और उनके साथ आए अन्य तीन-चार लोगों पर आरोप लगाया गया। शिकायत में बताया कि 14 जुलाई को संबंधित व्यक्ति क्लास 9वीं के एक छात्र की टीसी जारी कराने की मांग को लेकर स्कूल पहुंचे थे। स्कूल प्रशासन ने उन्हें बताया- छात्र की पिछले सत्र की फीस बकाया है। नियमानुसार बकाया शुल्क जमा होने और 'नो ड्यूज' प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही टीसी जारी किया जा सकता है। साथ ही स्कूल प्रबंधन ने कहा कि अभिभावकों की तरफ से टीसी प्राप्त करने की कोई प्रक्रिया नहीं दी गई। सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई घटना स्कूल प्रबंधन का आरोप है कि इस बात पर संबंधित लोगों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, धमकियां दी और स्कूल के रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेने और परिसर में तोड़फोड़ करने का प्रयास किया। घटना के बाद स्कूल के कर्मचारियों और स्टूडेंट्स में डर का माहौल है। प्रबंधन ने कहा- पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। शिकायत में स्कूल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, कर्मचारियों के कार्य में बाधा डालने और सोशल मीडिया के माध्यम से संस्था की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं सार्वजनिक संपत्ति को क्षति से संरक्षण संबंधी प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं, बासनी थाने के उप निरीक्षक त्रिलोक दान ने बताया कि स्कूल प्रबंधन की तरफ से शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही की है।