जोधपुर में 4 दिन पहले आधी रात को घर के बाहर खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया। सरदारपुरा थाना इलाके में 17 जुलाई की रात यह वारदात हुई थी। इसमें पुलिस ने वारदात के 24 घंटे में ही आरोपी सन्नी उर्फ संजय उर्फ टपोरी (19) को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी मूल रूप से शेरगढ़ (पाबूपूरा) का रहने वाला है और फिलहाल प्रतापनगर में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया- पास से अचानक तेज रफ्तार एक कार गुजरी थी। इससे मैं गुस्सा हो गया और गली में खड़ी 10 से 12 गाड़ियों में तोड़फोड़ कर डाली। तेज स्पीड से कार गुजरी तो खो बैठा आपा सरदारपुरा थाना अधिकारी किशनलाल विश्नोई ने बताया- गांधी मैदान के पीछे वाली गली में 17 जुलाई की रात को एक कार आरोपी सन्नी के पास से तेज स्पीड में निकली थी। इस बात से आरोपी इतना गुस्सा हो गया कि उसने गुस्से में आकर वहां खड़ी गाड़ियों के शीशे फोड़ने शुरू कर दिए। अगले दिन सुबह जब स्थानीय निवासी ललितेंद्र सोलंकी और अन्य लोग बाहर आए तो उन्होंने अपनी-अपनी गाड़ियों के शीशे टूटे देखे। चोरियों के प्रयास और तोड़फोड़ से करीब 1 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ। आरोपी पर इतने मामले दर्ज किशनलाल विश्नोई ने बताया- आरोपी सन्नी के खिलाफ प्रताप नगर, मथानिया, खांडाफालसा और सरदारपुरा थाने में हत्या, चोरी और जानलेवा हमले जैसी गंभीर धाराओं में 5 से अधिक मामले पहले से ही अदालत में विचाराधीन हैं। आरोपी को पकड़ने में कॉन्स्टेबल कैलाश और कॉन्स्टेबल मोतीलाल की विशेष भूमिका रही। टीम में सब-इंस्पेक्टर भंवरलाल और हेड कॉन्स्टेबल प्रहलाद कुमार भी शामिल थे।