जोधपुर के एक निजी स्कूल में टीचर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्कूल प्रशासन के खिलाफ स्टूडेंट और पैरेंट्स ने प्रदर्शन किया। हंगामें की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की। घटना झालामंड इलाके में स्थित चैतन्य टेक्नो स्कूल की है। स्कूल में पढ़ाने वाले टीचर अश्विनी कुमार सिंह ने कुड़ी थाने में शिकायत देकर बताया कि वह 4 साल से स्कूल में पढ़ा रहे हैं। स्कूल प्रशासन की तरफ से बच्चों को परेशान किया जा रहा है। बच्चों के पक्ष में खड़े हुए तो उन्हें 23 अप्रैल को स्कूल से निकाल दिया गया। शिकायत के अनुसार जब वह 24 अप्रैल को अपना टर्मिनेशन लेटर लेने पहुंचे तो स्कूल प्रशासन की तरफ से उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई। उन्होंने स्कूल के डीन, जोनल डीन और ट्रांसपोर्ट इंचार्ज रामू सिंह पर मारपीट का आरोप लगाया। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंची पुलिस इस मामले की जानकारी जब स्टूडेंट्स और पेरेंट्स तक पहुंची तो उन्होंने स्कूल प्रशासन के सामने विरोध जताया। वहीं कुछ स्टूडेंट्स धरने पर बैठ गए और टीचर अश्वनी के समर्थन में स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। मारपीट करने वाले स्टाफ को किया टर्मिनेट इस पूरी घटना को लेकर स्कूल के एकेडमिक डीन राहुल बाकोलिया ने बताया कि पेरेंट्स कुछ डिमांड्स लेकर पहुंचे थे उन्हें पूरा कर दिया गया है। पेरेंट्स ने टीचर के साथ मारपीट करने वाले व्यक्ति के टर्मिनेशन की मांग की थी, इस पर आरोपी रामू सिंह को टर्मिनेट कर दिया गया है। हमारा भी मानना है कि किसी चीज पर एक्शन तो लिया जा सकता है लेकिन मारपीट नहीं होनी चाहिए थी, इसलिए रामूसिंह को टर्मिनेट किया गया है। मामले में कुड़ी थाने के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों को समझा कर शांत कर दिया गया है।