जोधपुर में न्यायेश्वर महादेव मंदिर में चोरी हो गई। बदमाश मंदिर का ताला तोड़कर शिवलिंग पर चढ़े करीब 4 किलो चांदी के 20 छत्र और CCTV कैमरों की डीवीआर चोरी कर ले गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। झंवर थाने में मंदिर के पुजारी मांग भारती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि वे जाटावास झंवर के न्यायेश्वर महादेव मंदिर में पुजारी हैं। वे 18 अप्रैल की रात करीब 9 बजे मंदिर में ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन 19 अप्रैल को सुबह करीब 4:45 बजे पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो शिवलिंग के ऊपर लगे करीब 20 चांदी के छत्र गायब थे। साथ ही मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी बदमाश अपने साथ ले गए। चोरों की पहचान के प्रयास जारी घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। झंवर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई महेंद्र सिंह कर रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी के जरिए संदिग्ध लोगों की पहचान का प्रयास कर रही है। स्थानीय लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।