प्रदेश में हो रही लगातार सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने एक महीने के विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की पालना के लिए प्राधिकरण ने एक महीने का राज्यव्यापी विशेष निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जोधपुर में संचालित स्लीपर बसों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर 8 बसों को जब्त किया गया और बसों के चालान भी किए गए। नियम तोड़ते हुए बनाए लगेज स्पेस और लगेज कैरियर चैकिंग में पता चला कि स्लीपर बसों में एआईएस-119 के प्रावधानों की पालना नहीं की जा रही। वाहनों में पर्याप्त इमरजेंसी गेट नहीं मिले, बैठक क्षमता में बदलाव किया गया। साथ ही बसों के पीछे चैसिस काटकर नियम विरूद्ध बनाए लगेज स्पेस, छत पर लगेज कैरियर मिले। वहीं बसों में लगे स्लीपर की लंबाई और फर्श से ऊंचाई निर्धारित मापदंडों के अनुसार नहीं मिले। इस पर इन बसों को जब्त कर इनके चालान किए गए। कार्रवाई टीम में ये रहे शामिल कार्रवाई के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महानगर अध्यक्ष दिनेश त्यागी, सचिव राकेश रामावत और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष पूरण कुमार शर्मा और सचिव डॉ. मनीष हरजाई ने जोधपुर क्षेत्र में संचालित लग्जरी, स्लीपर बसों के लिए गठित संयुक्त निरीक्षण दल को साथ निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संयुक्त निरीक्षण के दल के सदस्य मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जोधपुर जिला महेन्द्र कुमार टाक, न्यायिक मजिस्ट्रेट (मोबाइल) जोधपुर महानगर दिलीप चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) छगल लाल मालवीय, मोहम्मद फिरोज, गंगाराम और उड़नदस्ता (फ्लाईंग) टीम शामिल रहे।