जोधपुर में एक प्राइवेट स्कूल में 7वीं क्लास के स्टूडेंट से मारपीट का मामला सामने आया है। स्टूडेंट को इतना पीटा कि उसकी एक बाईं आंख सूज गई। उसके सिर और पीठ पर भी मारपीट के निशान हैं। बच्चे के दादा ने मामला दर्ज कराया। इसके बाद टीचर को डिटेन कर लिया गया। मामला प्रताप नगर थाना इलाके में आनंद मार्ग उच्च प्राथमिक स्कूल, कमला नेहरू नगर प्रथम पुलिया का है। टीचर गणित पढ़ाता है और स्कूल का व्यवस्थापक भी है। स्कूल से जुड़ी लगभग सभी व्यवस्थाएं आरोपी टीचर ही देखता है। बच्चे ने बोला- मैंने शोर नहीं मचाया, तब भी पीटा बच्चे के दादा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया- लंच के बाद बच्चा अपनी क्लास में जा रहा था। तब टीचर रजनीकांत आनंद ने उससे पूछा कि कौन शौर मचा रहा है। बच्चे ने कहा- उसे नहीं पता। इसके बाद भी टीचर ने कहा- तुम ही बहुत शोर मचा रहे हो। बच्चे ने बार-बार मना किया, लेकिन टीचर नहीं माना। इसके बाद टीचर ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की, जिसमें एक दूसरा बच्चा कमरे में जाता दिखा। टीचर ने उस बच्चे को बुलाया और कहा कि तुम घूम रहे थे। तब उस बच्चे ने कहा कि मैं तो इसकी शिकायत करने आ रहा था। इसके बाद टीचर ने हमारे बच्चे को पीटना शुरू कर दिया। आंख पर मारे मुक्के दादा ने कहा- टीचर ने तीन-चार छात्रों को बुलाकर बच्चे के हाथ-पैर पकड़वाए और पीठ पर डंडे से मारा। सिर और आंख पर मुक्के मारे। बच्चे की आंख भी सूज गई। बच्चे ने घर आकर पूरी बात बताई। पीड़ित स्टूडेंट ने कहा- कैमरे की फुटेज में मेरी कोई आवाज भी नहीं आई और न मैं दिखाई दिया। इसके बाद भी टीचर ने मारा। टीचर ने कहा- हाथ उसकी आंख के पास लगने पर बच्चा जमीन पर गिर गया, जिसके कारण आंख में सूजन आ गई।