जोधपुर शहर में लगातार बढ़ रही गर्मी और पानी के स्टोरेज की कमी के चलते हालात सुधर नहीं रहे हैं। ऐसे में जलदाय विभाग की ओर से लगातार 'क्लोजर' लिया जा रहा है। अब 22 जुलाई को मेंटेनेंस और वॉटर स्टोरेज को लेकर शहर के सभी फिल्टर हाउस से पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी। रअसल, जोधपुर शहर में लगातार क्लोजर लेने की नौबत आ रही है। हर नए शेड्यूल के बाद जलदाय विभाग की ओर से एक दिन पूरे शहर की पानी सप्लाई बंद रखी जा रही है, जिसके बाद ही जल आपूर्ति का नया शेड्यूल जारी किया जा रहा है। यह रहेगा नया सप्लाई शेड्यूल जलदाय विभाग के एसई (SE) राजेंद्र मेहता ने बताया कि शहर के कायलाना, चौपासनी और सुरपुरा फिल्टर हाउस से जुड़े क्षेत्रों में: 22 जुलाई को होने वाली पानी की सप्लाई अब 23 जुलाई को होगी। 23 जुलाई को होने वाली सप्लाई अब 24 जुलाई को की जाएगी। राजेंद्र मेहता ने आगे बताया कि झालामंड और तख्त सागर फिल्टर हाउस से जुड़े क्षेत्रों (जैसे- सरस्वती नगर, कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न सेक्टर, पाल बाइपास और शिल्पग्राम के आस-पास के इलाकों) में 22 जुलाई को सुबह 10 बजे तक की जाने वाली सप्लाई सामान्य रहेगी। इसके बाद का शेड्यूल इस प्रकार होगा: यहां 23 जुलाई को होने वाली सप्लाई अब 24 जुलाई को होगी। 24 जुलाई को होने वाली पानी की सप्लाई अब 25 जुलाई को की जाएगी।