घर से मंदिर दर्शन करने जा रही एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर सांड ने पीछे से अचानक हमला कर दिया। सांड ने महिला को अपने सींगों से करीब 4 फीट ऊपर हवा में उछाल दिया। सड़क पर गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की 9 पसलियां टूट गई हैं और सिर में गंभीर चोट आई है। फिलहाल वह जोधपुर के प्राइवेट हॉस्पिटल के आईसीयू (ICU) में भर्ती हैं। घटना पाली के सुभाष नगर इलाके में 3 जुलाई सुबह करीब 9:45 बजे हुई। इसका सीसीटीवी (CCTV) फुटेज अब सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई सहम गया। महिला पाली के सुभाष नगर-A की रहने वाली है। सिलसिलेवार ढंग से समझें पूरा घटनाक्रम 1. मंदिर जाते समय पीछे से सांड ने किया हमला घायल महिला के बेटे हरीश प्रजापत ने बताया कि उनकी मां शांति देवी (65) 3 जुलाई की सुबह करीब 9:15 बजे घर से कुछ ही दूरी पर स्थित शिव मंदिर में दर्शन करने के लिए निकली थीं। रास्ते में सुभाष नगर में एक आवारा सांड ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें सींगों से हवा में उछाला और सड़क पर पटक दिया। इस दौरान महिला की लूगड़ी सांड के सींगों में ही उलझ कर रह गई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर महिला को संभाला। 2. सिर और पसलियों में गंभीर चोट, जोधपुर रेफर शांति देवी के सिर और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। परिवार वाले उन्हें तुरंत पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां ज्यादा भीड़ होने के कारण इलाज में देरी हो रही थी। इसके बाद उन्हें एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया। जोधपुर के प्राइवेट हॉस्पिटल के ICU में शांति देवी का 3 जुलाई से इलाज चल रहा है। सिर में चोट के कारण 8-9 टांके आए हैं। एक्स-रे में 9 पसलियां क्रैक होने की पुष्टि हुई है। परिजनों के अनुसार, उनकी हालत में अब पहले से कुछ सुधार है। कई लोग गंवा चुके जान शांति देवी के बेटे हरीश प्रजापत ने बताया- शहर में जगह-जगह आवारा मवेशी घूम रहे हैं। यह समस्या कई साल से बनी हुई है। मवेशियों के हमले में पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद नगर निगम लोगों को इस समस्या से राहत दिलाने में पूरी तरह नाकाम रहा है। अगर समय रहते आवारा मवेशियों को पकड़ने की प्रभावी कार्रवाई की जाती, तो मेरी मां के साथ यह हादसा नहीं होता। सड़कों से हटाए जाएं आवारा मवेशी इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ गुस्सा है। लोगों का कहना है कि शहर की सड़कों और गलियों में आवारा सांडों का आतंक है। शांति देवी के परिजनों और स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि शहर की सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों को तुरंत हटाया जाए और आम जनता की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। ---- यह खबर भी पढ़िए… बेटी को बचाने के लिए गाय से भिड़े मां-बाप; VIDEO:2 बार जमीन पर पटका, छाती में सींग मारा, पसलियां टूटीं श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान इलाके में ट्यूशन पढ़कर लौट रही 5 साल की बच्ची पर घर के सामने ही गाय ने अचानक हमला कर दिया। बच्ची की मां ने जैसे ही यह देखा, उसके होश उड़ गए। वह जान की परवाह किए बिना गाय से भिड़ गई। दोनों सींग पकड़ लिए। पढ़ें पूरी खबर...