जोधपुर के लूणी इलाके में मोगड़ा-सरेचा रोड पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रहे बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक का सिर डंपर के टायर के नीचे आने से पूरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद डंपर ड्राइवर वाहन लेकर मौके से भाग निकला। जिसे कुछ घंटे में ही पुलिस ने बरामद कर जब्त कर लिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर टायर जलाकर और ट्रैक्टर-टैंकर लगाकर रास्ता जाम कर दिया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर समझाइश कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीण आरोपी की गिरफ्तारी होने तक शव नहीं उठाने की मांग पर अड़े हुए हैं। रिश्तेदार के घर से लौटते समय हुआ हादसा लूणी थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि मौके पर स्थानीय ग्रामीणों और पीड़ित परिवार से बातचीत में सामने आया कि सरेचा निवासी कैलाश पटेल (23) पुत्र सांवलराम पटेल कुछ दिन पहले ही कर्नाटक से अपने घर लौटा था। गुरुवार को कैलाश और उसका भाई एक ही बाइक पर सवार होकर मोगड़ा स्थित अपने रिश्तेदार के घर से दूसरी बाइक लेने गए थे। वहां से लौटते समय दोनों भाई अलग-अलग बाइक चलाकर वापस सरेचा आ रहे थे। सुबह करीब 11:30 बजे सरेचा के पास सामने से आ रहे एक डंपर ड्राइवर ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बड़े भाई कैलाश की बाइक को सीधी टक्कर मार दी, जिससे उसकी जान चली गई। दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया, ग्रामीणों का हंगामा कैलाश की मौत की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक के परिवार में एक 6 माह की बच्ची और एक साल का बच्चा है, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क के बीच ट्रैक्टर-टैंकर खड़े कर दिए और टायर जलाकर अपना कड़ा विरोध जताया। ग्रामीण डंपर ड्राइवर की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं और स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी नहीं पकड़ा जाता, वे शव को नहीं उठने देंगे। पहले देखिए, घटना से जुड़ी PHOTO'S ड्राइवर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से डंपर चलाने का आरोप लूणी थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि सरेचा निवासी कैलाश पटेल (23) पुत्र सांवलराम पटेल आज (23 अप्रैल) सुबह 11:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल से सरेचा से मोगड़ा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मोगड़ा-सरेचा रोड पर सामने से आ रहे एक डंपर ड्राइवर ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डंपर की टक्कर से बाइक सवार कैलाश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज से डंपर की तलाश दुर्घटना की सूचना मिलने पर थानाधिकारी सुरेश चौधरी और उप निरीक्षक गोविंद राम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मुआयना करने के बाद जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल घटनास्थल और उसके आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर टक्कर मारने वाले डंपर का पता लगाने का प्रयास कर रही है।