पाली जिले के सुमेरपुर में गुरुवार को पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के केबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने अपना 62वां जन्मदिन सादगीपूर्ण तरीके से मनाया। इस दौरान उन्हें बधाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कुमावत ने सुमेरपुर में अपने घर पर पूजा-अर्चना के बाद शहर के भैरव चौक स्थित भैंरूजी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। जन्मदिन पर उनके शुभचिंतकों ने फूल-मालाएं पहनाकर व मिठाई खिलाकर जन्मदिवस की बधाई दी। इसके बाद शिव मंदिर में पहुंचकर उन्होंने महादेव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजन किया। महादेव का वंदन कर कुमावत ने गौ-माता को चारा खिलाकर निराश्रित गोवंश के लिए एक ट्रॉली चारा भेंट किया। इसके बाद वे श्रीराम गौशाला, कोलीवाड़ा पहुंचकर गोमाता की पूजा-अर्चना कर चारा एवं गुड़ खिलाया। उन्होंने गौशाला को भेंट स्वरूप अपने वजन के बराबर 86 किलो गुड़ व एक ट्रॉली हरा चारा दिया। मंत्री को दी बधाई गौशाला परिसर में कुमावत का स्वागत किया। कोलीवाड़ा से रवाना होकर कुमावत आवास पर पहुंचे जहां उन्हें शुभकामनाएं देने और उनसे मिलने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सभी ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। उनके कार्यकाल में सरकार में किए हुए कार्यों को याद करते हुए उनके सुख-समृद्धि,स्वास्थ सहित दीर्घायु की मंगल कामना की। कुमावत ने इसी दौरान अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ केक काटा। समर्थकों ने की पूजा-हवन उनके शुभचिंतकों ने विभिन्न स्थानों पर पूजा अर्चना, हवन, स्वच्छता, गौ सेवा आदि कार्य कर उनके लंबी उम्र की प्रार्थना की। प्रदेश की सभी पंजीकृत और अपंजीकृत गौशालाओं में पशुधन के स्वास्थ्य संरक्षण और दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय पशु चिकित्सा और बांझपन निवारण शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने अपने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया और विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। चिकित्सकों ने गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार करने के साथ साथ औषधियों का वितरण किया। शिविरों में बांझपन से प्रभावित गोवंशों की जांच कर उन्हें उपचार और कृत्रिम गर्भाधान संबंधी सेवाएं तथा उचित परामर्श भी उपलब्ध करवाया गया।