मुकंदरा टाइगर रिजर्व क्षेत्र में जंगल सफारी अक्टूबर माह में शुरू हो जाएगी, लेकिन नौलाव मुख्य गेट तक का सफर पर्यटकों के लिए दुश्वार होगा। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि अभी तक सड़क निर्माण की स्वीकृति तक नहीं मिल पाई है। गागरोन से नौलाव तक सड़क का निर्माण होना है। इसके लिए पर्यावरण एवं वन मंत्रालय से इस सड़क के निर्माण की क्लीयरेंस भी मिल चुकी है। लेकिन अब पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि यह सड़क प्रधानमंत्री सड़क योजना में बननी है। अभी तक इसको बजट नहीं मिल पाया है। जिससे सीसी सड़क का काम शुरू नहीं हो पा रहा है। इसके चलते अक्टूबर में शुरू होने वाली जंगल सफारी के लिए मुख्य गेट तक पहुंचने में लोगों को गड्‌ढों भरा सफर करना पड़ेगा। दरअसल, मुकंदरा टाइगर रिजर्व क्षेत्र का काफी बड़ा और पहाड़ी क्षेत्र गागरोन रेंज में है। यहां पर बेहतरीन नजारों के साथ ही बड़ी संख्या में वन्यजीव भी दिखाई देंगे। मुख्य गेट का निर्माण भी चल रहा है। मुकंदरा टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अधिकारियों की तैयारी है कि अक्टूबर माह से यहां पर टिकट का वितरण शुरू हो और लोगों के लिए जंगल सफारी शुरू की जाए। गागरोन से लेकर नौलाव तक सड़क का निर्माण होना जरूरी है। बरसात के समय ग्रामीणों को होती है ज्यादा परेशानी मुकंदरा टाइगर रिजर्व क्षेत्र की रेंज में नौलाव, लक्ष्मीपुरा, मशालपुरा, राजपुरा, गोलभाव सहित अन्य गांव आते हैं। ऐसे में इन ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को दिनभर इसी मार्ग से गुजरना होता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं बनने से ज्यादा परेशानी बरसात के दिनों में आती है। कई बार लोग यहां दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। पहले यह रोड मुकंदरा टाइगर रिजर्व क्षेत्र की रैंज में होने से नहीं बन पा रहा था। सालों बाद मंत्रालय ने क्लीयरेंस जारी की। अब बजट का रोडा अटक गया है। मुकंदरा टाइगर रिजर्व क्षेत्र में आने वाले गागरोन से नौलाव तक के रोड को अभी तक बजट नहीं मिल पाया है। बजट आने के बाद ही इसके टैंडर प्रक्रिया शुरू होगी। - दीपक टुंडवाल, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी झालावाड़