डीग में पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देश पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन एंटीवायरस' अभियान के तहत जुरहरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 6 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 8 सिम कार्ड बरामद किए। इनमें 5 सक्रिय और 3 फर्जी सिम कार्ड शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक जुरहरा थाना पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान इन आरोपियों को साइबर ठगी की गतिविधियों में शामिल पाया। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये ठग लोगों को सस्ते ड्रोन कैमरे, 5जी मोबाइल फोन और पुराने सिक्के बेचने का झांसा देते थे। वे नामी होटलों में कम कीमत पर कमरे बुक कराने का लालच देकर भी लोगों को ठगते थे। फर्जी बैंक लेनदेन के स्क्रीनशॉट भेजकर बनाते थे शिकार जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी फर्जी बैंक लेनदेन के स्क्रीनशॉट और मैसेज बनाकर लोगों को भेजते थे। वे गलती से पैसे ट्रांसफर होने का बहाना बनाकर पीड़ितों को अपने फर्जी खातों में रकम जमा कराने के लिए गुमराह करते थे। यह गिरोह अन्य साइबर ठगों को फर्जी मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी उपलब्ध कराता था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में वाजिब (20), सालिम (20) निवासी कुकरपुरी), मोहम्मद जैद (21) निवासी परेही, आमिर खान (24) निवासी कंचननेर, आबिद (32) निवासी सामदीका और रॉबिन (25) निवासी सामदीका शामिल है। ये सभी आरोपी जुरहरा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान उनके अन्य साथियों, बैंक खातों और साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है। जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।