कैथल के कलायत में नेशनल हाइवे 152 पर तेल से भरे एक टैंकर ने सड़क पर खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक में टक्कर लगने के बाद टैंकर में अचानक से आग लग गई। टैंकर में मिथनॉल ऑयल भरा हुआ था। हादसे में टैंकर का ड्राइवर केबिन के अंदर ही जिंदा जल गया और उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के सोंगरावास, जिला जालौर निवासी करीब 42 वर्षीय पीरा राम के रूप में हुई है। वह राजस्थान से ऑयल लेकर आया था और अंबाला जा रहा था। जैसे ही वह गांव शिमला के पास पहुंचा तो यह हादसा हो गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया राहगीरों ने जैसे ही हादसा हाेते देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। फायर ब्रगेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाकर आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। ड्राइवर अंदर ही जल गया कलायत थाना एसएचओ रणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गांव शिमला के पास टैंकर में आग लग गई है। सूचना पाकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। यहां आकर देखा तो पाया कि टैंकर और ट्रक में आग लगी हुई थी। जांच में पता चला कि, सड़क पर खड़े ट्रक में धान की फसल लदी हुई थी। ड्राइवर नीचे उतरकर टायर चेक कर रहा था। पीछे से आ रहे टैंकर ने ट्रक को टक्कर मार दी। इससे टैंकर में आग लग गई। जिससे ड्राइवर मौके पर ही आग में जल गया। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी रणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।