चौमूं के कालाडेरा कस्बे के रीको औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में मंगलवार देर शाम एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कालाडेरा थाना प्रभारी पूजा पूनिया ने बताया कि राजकीय अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक युवक को फांसी के फंदे से उतारकर अस्पताल लाया गया है। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गौरव कुमार (22) पुत्र राजेश्वर सिंह, निवासी मननपुर, थाना कल्याणपुर, जिला पूर्वी चंपारण मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मृतक गौरव रीको क्षेत्र की शेरा एनर्जी फैक्ट्री में कार्यरत था। वह फैक्ट्री की पहली मंजिल पर फंदे से लटका मिला। वहां मौजूद अन्य श्रमिकों और उसके भाई गुलशन कुमार ने उसे नीचे उतारा और तुरंत कालाडेरा के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। शव को चौमूं के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और मृतक के परिजनों व सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।