कहीं अस्सी के दशक के बॉलीवुड गीतों की धुनों पर झूमते संगीतप्रेमी, तो कहीं दिल को छू लेने वाले रूहानी नगमों की मधुर आवाज। दर्द भरे गीतों से लेकर संगीत की दिलकश प्रस्तुतियों तक, हर अंदाज ने श्रोताओं को पुरानी यादों में लौटने का मौका दिया। कुछ ऐसा ही नजारा जेएलएन मार्ग स्थित कलानेरी आर्ट गैलरी में आयोजित बॉलीवुड नाइट में देखने को मिला। यहां संगीत और कला के संगम ने शहरवासियों की शाम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में शहर के वी पॉजिटिव ग्रुप से जुड़े कलाकारों ने अपनी गायकी से समां बांधा। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक बॉलीवुड गीत प्रस्तुत किए, जिन्हें सुनकर श्रोता संगीत की पुरानी दुनिया में खो गए। अस्सी के दशक के लोकप्रिय गीतों और भावपूर्ण नगमों ने कार्यक्रम में खास रंग भरे। प्रस्तुतियों के दौरान कहीं गीतों की मस्ती दिखाई दी, तो कहीं उनकी भावनात्मक गहराई ने श्रोताओं को प्रभावित किया। कलानेरी आर्ट गैलरी की ओनर सौम्या विजय शर्मा ने बताया कि बॉलीवुड नाइट में वी पॉजिटिव ग्रुप के विजय शर्मा, योगेश छीपा, पूर्वा राणावत, विशाल, स्वप्ना जैन, नीलम शर्मा और विजय दत्त शर्मा सहित कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने संगीतप्रेमियों का मनोरंजन किया और बॉलीवुड के सदाबहार गीतों से जुड़ी यादों को फिर से ताजा कर दिया। दिवाली फ्ली मार्केट में 40 से अधिक स्टॉल्स बॉलीवुड नाइट के साथ कलानेरी आर्ट गैलरी में दिवाली फ्ली मार्केट भी आकर्षण का केंद्र रहा। ‘वन वेंडर, वन आर्ट’ थीम पर आयोजित इस मार्केट में 40 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए। यहां विभिन्न प्रकार के उत्पादों ने खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों का ध्यान खींचा। संगीत, कला और खरीदारी के इस मेल ने आयोजन को खास बना दिया। शहरवासियों ने जहां बॉलीवुड गीतों का आनंद लिया, वहीं फ्ली मार्केट में उपलब्ध उत्पादों को देखने और खरीदने में भी रुचि दिखाई।