झालावाड़ के धनवाड़ा क्षेत्र में रहने वाली नर्सिंग छात्रा की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मृतका के परिजनों ने शहर के एक युवक पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कोतवाली में परिवाद दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को सुबह शहर के धनवाड़ा में रहने वाली एक युवती ने कालीसिंध पुलिया से कूदकर सुसाइड कर लिया था। मृतका छात्रा विनीता के पिता दिलीप कुमार माली ने एक अलग से दी गई अपनी रिपोर्ट में बताया कि शहर का एक युवक उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। आरोप है कि वह विनीता के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से परेशान करता था। परिजनों का कहना है कि इसी उत्पीड़न से तंग आकर विनीता ने यह आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने पुलिस से आरोपी युवक को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। कोतवाली सीआई मुकेश मीना ने बताया कि परिजनों ने रात को एक अलग परिवाद देकर युवक पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। निजी कॉलेज से नर्सिंग कर रही थी मृतका छात्रा मिली जानकारी के अनुसार शहर के नजदीक कालीसिंध नदी की पुलिया से कूद कर सुसाइड करने वाली एक निजी कॉलेज से नर्सिंग कर रही थी। उसने एक दिन पहले सोमवार को कूदकर सुसाइड कर लिया। इसकी सूचना मिलने पर झालावाड़ अस्प्ताल लेकर आए यहां उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम कराया और शव सौंप दिया। अंतिम संस्कार के बाद बीती रात कोतवाली पंहुचे परिजन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम के दौरान पहुंचे परिजनों ने अज्ञात कारणों के चलते रिपोर्ट दी इसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया, लेकिन बाद में परिजनों को आरोपी युवक के बारे में जानकारी मिली। जिसके बाद परिजनों ने कोतवाली पहुंचे और परिवाद दिया। जिसमें बताया कि आरोपी युवक की प्रताड़ना से ही उनकी बेटी ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। आरोपी युवक शहर में ही किसी मोबाइल की दुकान पर काम करता है।