डीग जिले की कामां (कामवन) विधायक नौक्षम चौधरी ने लुहेसर ग्राम पंचायत में लगभग 4 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 4 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने साइबर ठगों और गौ-तस्करों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीग की धरती पर अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। 'किसी के साथ अन्याय नहीं होने दूंगी' जनता से सीधा संवाद करते हुए विधायक चौधरी ने कहा, "किसी का बेटा मजदूरी करता है, गाड़ी चलाता है या दुकान चलाता है। मैं किसी भी गरीब या मजलूम के साथ अन्याय नहीं होने दूंगी।" विधायक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दलित और मुस्लिम समाज पारंपरिक रूप से कांग्रेस का वोटर रहा है। उन्होंने चुनौती दी कि अगर कांग्रेस ने 70 वर्षों के शासन में इन समुदायों के लिए कोई चार महत्वपूर्ण कार्य किए हों तो उन्हें लिखकर बताया जाए। चौधरी ने आगे कहा कि यह उनकी गारंटी है कि सरकार की हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।