डीग जिले के कामां में मंगलवार रात एक किराना स्टोर में चोरी हो गई। चोर कामां टाउन चौकी से महज 100 मीटर दूर स्थित दुकान से नकदी और अन्य सामान ले उड़े। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) भी अपने साथ ले गए। पीड़ित दुकानदार त्रिलोकचंद सबलाना ने बताया कि उन्हें सुबह पड़ोसियों से दुकान का शटर टूटा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने पाया कि गल्ले में रखी नकदी और दुकान के महत्वपूर्ण बिल वाउचर गायब थे। चोरी हुए अन्य सामान की सूची तैयार की जा रही है। हालांकि चोरों ने दुकान का DVR गायब कर दिया, लेकिन पास के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध की तस्वीर कैद हो गई है। फुटेज में चोर चोरी के बाद एक बोरी में सामान भरकर ले जाता हुआ स्पष्ट दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कामां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।