पंचायतीराज चुनाव से पहले मतदाताओं को डराने और अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए हथियार का इस्तेमाल करने की आशंका के बीच कामां पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से डबल बैरल 315 बोर का हथकड़ पौना तीन जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी आगामी पंचायत चुनाव में अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए लोगों को हथियार का भय दिखाने की तैयारी में था। जानकारी के अनुसार 29 अक्टूबर को कामां थाना पुलिस ने डीएसटी टीम डीग के सहयोग से यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफसर (19) पुत्र जमशेद मेव निवासी लेवड़ा, थाना कामां, जिला डीग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लोहे की धातु से निर्मित डबल बैरल 315 बोर का हथकड़ पौना जब्त किया। इसके बाद मामले की जांच के दौरान आरोपी की इत्तला पर तीन जिंदा कारतूस 315 बोर भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार आगामी पंचायतीराज चुनाव को देखते हुए क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और उनके दम पर मतदाताओं को प्रभावित करने की आशंका को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी के तहत अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पु मामले में कामां थाने में मुआर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। मामले का अनुसंधान एएसआई जवाहरसिंह कर रहे हैं। पुलिस अब आरोपी से हथियार के संबंध में पूछताछ करने के साथ इसके स्रोत और अन्य संभावित कड़ियों की जांच में जुटी है। फिलहाल मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।