डीग जिले के कामां कस्बे में राजकीय ​स्कूल में पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को कई जरूरी जानकारियां दी गई। राजस्थान पुलिस के महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत यह आयोजन हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने राजकॉप ऐप, महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 और साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों पर प्रकाश डाला। इसके अलावा नौकर एवं किरायेदार सत्यापन तथा सड़क सुरक्षा नियमों (सीट बेल्ट, हेलमेट और यातायात नियमों का पालन) के महत्व को भी समझाया गया। विद्यार्थियों को महिलाओं से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने तथा सतर्क रहने का संदेश दिया गया।