डीग जिले के कामां कस्बे में बिजली के खंभे में करंट आने से एक गोवंश की मौत हो गई। घटना तीर्थराज विमल कुंड के पास हुई, जब गोवंश को घर से नोहरे पर ले जाया जा रहा था। गोवंश घेर मोहल्ला निवासी रतन सिंह का बताया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात के कारण बिजली के खंभे में करंट फैल गया था। गोवंश इसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद लोगों ने बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद करने की मांग की। उनका कहना है कि सप्लाई बंद करने में काफी समय लगा, जिससे मौके पर मौजूद लोग नाराज हुए। 1 महीने पहले भी इसी खंभे में करंट से गोवंश की हुई थी मौत करीब 1 महीने पहले इसी इलाके में बिजली के खंभे में करंट आने से एक गाय की मौत हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछली घटना के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलने पर बृजवासी बाबा और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कहा कि हादसे के बाद प्रशासन का कोई कर्मचारी वहां नहीं आया। उन्होंने बिजली विभाग से इलाके के खंभों और लाइनों की जांच कराने, बरसात में करंट फैलने की समस्या का स्थायी समाधान करने और ऐसे हादसे रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की।