डीग जिले की कामवन विधायक नौक्षम चौधरी पीपलखेड़ा गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भावुक हो गईं। बैसाखी मेले में गुरुद्वारे में शबद कीर्तन सुनते समय चार साहिबजादों के बलिदान की गाथा सुनकर उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। विधायक विकास कार्यों के लोकार्पण और जनता की समस्याओं को सुनने के बाद वे पीपलखेड़ा में आयोजित बैसाखी मेले में पहुंची थीं। मेले में गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद विधायक ने संगत के बीच बैठकर शबद कीर्तन सुना। इसी दौरान एक गायक ने पंजाबी लोक वाद्य यंत्र 'तुंम्बी' की धुन पर गुरु गोविंद सिंह के चार साहिबजादों के सर्वोच्च बलिदान की कथा सुनानी शुरू की। जैसे ही गायक ने साहिबजादों की शहादत और उनके अटूट साहस का वर्णन किया, विधायक नौक्षम चौधरी अपनी भावनाओं को नियंत्रित नहीं कर पाईं और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। विधायक को भावुक होता देख वहां मौजूद ग्रामीण और श्रद्धालु भी गमगीन हो गए।