गृह राज्यमंत्री और धौलपुर जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुरुवार को कंचनपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की जानकारी ली। इस दौरान बेढ़म ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, फरियादियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और थाना परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। बेढ़म ने जोर दिया कि आमजन को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। उन्होंने पुराने और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने पर भी जोर दिया। ​थाने के रिकॉर्ड्स को व्यवस्थित रखने के निर्देश निरीक्षण के समय मंत्री ने थाने में अपराध पंजीका, आगंतुक रजिस्टर सहित अन्य सभी रिकॉर्ड्स को व्यवस्थित और अद्यतन रखने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी मामले की जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सके। प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को फरियादियों के साथ संवेदनशील और विनम्र व्यवहार रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और आवश्यकतानुसार तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में साफ-सफाई, अन्य व्यवस्थाओं और पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।