उदयपुर के कानोड़ थाना क्षेत्र में लूट की नियत से बुजुर्ग महिला की हत्या करने वाले गिरफ्तार आरोपी से पुलिस चाकू बरामद किया है। आरोपी का ननिहाल और मृतका का घर बिल्कुल करीब है। इन दोनों घरों के पीछे बने बाड़े से वारदात में उपयोग लिया चाकू बरामद किया गया। पुलिस आरोपी के बताए अनुसार उसे बाड़े में लेकर गई। जहां आरोपी ने बताया कि हत्या करने के बाद उसने चाकू बाड़े में फेंक दिया था। आरोपी ईश्वर राव (25) दो दिन पुलिस रिमांड पर है। पुलिस आज लूटा गया सोने का मादलिया बरामद करने का प्रयास करेगी। थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने आर्थिक तंगी के कारण वारदात करना स्वीकार किया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ करते हुए मामले की जांच में जुटी है। घर पहुंचकर खून से सने कपड़े बदलकर हुआ फरार हत्या के बाद आरोपी अपने घर गया और खून से सने कपड़े बदलकर फरार हो गया था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की आर्थिक तंगी के चलते उसकी नीयत खराब हुई। जिसके कारण उसने यह वारदात की। आरोपी ननिहाल में रह रहा था। घटना के बाद उसका परिवार भी मकान खाली कर कानोड़ से चला गया। ये है पूरी घटना घटना कुम्हारों का मोहल्ला क्षेत्र में बीते शुक्रवार (3 जुलाई) शाम की है। जब 75 वर्षीय महिला (घीसी बाई खटीक) घर में अकेली बैठी हुई थीं, तभी आरोपी ने पीछे से उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद बदमाश उनके गले से सोने का मादलिया लूटकर फरार हो गया। महिला के चीखने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे, तो बुजुर्ग महिला को घायल अवस्था में देखकर दंग रह गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घीसी बाई घर में अकेली रहती थी और उनके बच्चे बाहर काम करते हैं।