कपासन पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सात साल से फरार चल रहे डोडाचूरा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एक पुराने एनडीपीएस एक्ट के मामले में की गई, जिसमें आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। मामला 26 जून 2019 का है, जब थाना राशमी क्षेत्र में गंदरप चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन को रोका गया था। तलाशी के दौरान वाहन से 2 क्विंटल 23 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। मौके पर सिंहपुर निवासी कालू तेली (24) और भीमगढ़ निवासी पन्नालाल पुरबिया (30) को गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया मुख्य आरोपी का नाम इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। अनुसंधान के दौरान सामने आया कि डोडाचूरा से भरी स्कॉर्पियो गाड़ी को श्रवण बिश्नोई ने रवाना किया था। पुलिस ने कालू तेली और पन्नालाल पुरबिया के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में पेश कर दिया था, लेकिन मुख्य आरोपी फरार चल रहा था। मुखबीर से मिली थी सूचना कपासन थानाधिकारी सुनील शर्मा के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत फरार आरोपियों की तलाश तेज की गई। पुलिस ने मुखबिरों की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसकी मौजूदगी की पुष्टि की। विशेष टीम ने जोधपुर से किया गिरफ्तार पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी श्रवण बिश्नोई पुत्र चोखाराम बिश्नोई, निवासी कानावासिया, थाना बिलाड़ा, जिला जोधपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले सात वर्षों से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के प्रयास कर रहा था। पुलिस के अनुसार, इस मामले में जब्त वाहन के पंजीकृत स्वामी जगदीश बिश्नोई की तलाश अभी जारी है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।