करौली में समस्त जादौन सेवा समिति हैदराबाद ने अंजनी माता मंदिर में भगवती जागरण और भंडारे का आयोजन किया। विभिन्न क्षेत्रों के भजन कलाकारों ने माता रानी, हनुमान जी, राधा रानी और खाटू श्याम के भजनों पर श्रद्धालुओं को रातभर झुमाया। जागरण की शुरुआत जोगेंद्र बृजबासी ने गणेश वंदना से की। परविंदर पलक, खुशबू बाईसा, राधा किशोरी, सरस किशोरी और सुरभि शर्मा सहित कई कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। जयपुर की आकाश म्यूजिकल टीम ने भी वाद्य यंत्रों से समां बांधा। कार्यक्रम से पहले करौली में पदयात्रा निकाली गई, जिसे पूर्व विधायक रोहिणी कुमारी ने हरी झंडी दिखाई। इसी दौरान 20 नवंबर को होने वाले राजपूत समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन के पोस्टर का भी विमोचन हुआ। जागरण का समापन तारा रानी की कथा और प्रसाद वितरण से हुआ।