करौली जिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. सतीश चंद मीना ने शनिवार को विभिन्न चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हीटवेव से निपटने की तैयारियों और एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सायपुर में अनुपस्थित मिले कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। डॉ. मीना ने सीएचसी परिता, सीएचसी सायपुर और पीएचसी गुनेसरा का दौरा किया। उन्होंने हीटवेव से बचाव के लिए वार्डों में मरीजों हेतु बेड आरक्षित रखने और कूलर व एसी जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएमएचओ ने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्कूलों में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया। संस्था प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अभिभावकों की काउंसलिंग कर एचपीवी वैक्सीन के महत्व और सर्वाइकल कैंसर से बचाव में इसकी भूमिका के बारे में जागरूक करें। सीएमएचओ ने बताया कि समय पर एचपीवी वैक्सीनेशन से भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को संस्थानों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने, साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने तथा निर्धारित यूनिफॉर्म में समय पर उपस्थित रहने के भी निर्देश दिए।