करौली शहर में सीएमएचओ कार्यालय में कार्यरत एक एलडीसी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल चौकी प्रभारी इंदर सिंह के अनुसार मृतक की पहचान सेंगरपुरा निवासी रामवली (37) पुत्र इंदर सिंह के रूप में हुई है। वह वर्तमान में करौली के रामनगर स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी 8 वर्षीय बेटी जब स्कूल से लौटी, तो उसने अपने पिता को फंदे पर लटका देखा। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। यहां पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक रामवली ने इससे पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास किया था। हालांकि, इस बार उसने यह कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। मृतक अपने पीछे 12 वर्षीय बेटे और 8 वर्षीय बेटी को छोड़ गया है। कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।