करौली में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने समीक्षा की। उन्होंने गणेश गेट स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया और टीकाकरण प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर गोदारा ने टीका लगवा चुकी बालिकाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने अभिभावकों से 14 से 15 साल की बेटियों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील भी की। बेटियों के वैक्सीन लगवाने की अपील की कलेक्टर ने एचपीवी वैक्सीन को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव में बेहद प्रभावी और सुरक्षित बताया। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों का नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जल्द से जल्द टीकाकरण कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में इस गंभीर बीमारी से बचाया जा सके। स्कूलों में अभियान का दायरा बढ़ाने के निर्देश निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीणा को निर्देश दिए कि जिले के अधिक से अधिक चिकित्सा संस्थानों पर एचपीवी वैक्सीनेशन शुरू किया जाए। उन्होंने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) सर्वेश कुमार को विद्यालयों में अभियान के सफल संचालन के लिए समन्वय बढ़ाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल की प्रिंसिपल सीता मीणा, प्रभारी गरिमा गर्ग, चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषिराज शर्मा, डीपीसी (आईईसी) लखन सिंह लोधा, डॉ. नमो नारायण, पीएचएम स्नेहलता तिवारी, एएनएम सुमन शुक्ला, करिश्मा शुक्ला, मधु शक्तावत, ममता शर्मा, अनीता शर्मा, सपना, अंशु, विद्या, नर्सिंग ऑफिसर विष्णु सहित विद्यालय स्टाफ और अभिभावक मौजूद थे।