करौली के मासलपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने सूनी हवेली को निशाना बनाया। चोरों ने पांच कमरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये का सामान चुरा लिया और फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फतेहपुर गांव निवासी महेंद्र सिंह जादौन ने पुलिस को बताया कि उनका पूरा परिवार करौली में एक शादी समारोह में गया हुआ था। घर खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर हवेली में घुस गए। चोरों ने एक-एक कर पांच कमरों के ताले तोड़े और अंदर रखा कीमती सामान समेट लिया। चोरी गए सामान में पीतल के चार बड़े परात और छह कलश, स्टील की दो बड़ी टंकियां जिनमें घरेलू बर्तन भरे थे, तथा चांदी के आभूषण जैसे पायल, टीका, नथ और अंगूठी शामिल हैं। इसके अलावा, चोरों ने बक्सों के ताले तोड़कर कंबल, चादरें और बैग सहित अन्य घरेलू सामान भी चुरा लिया। पीड़ित के अनुसार, इस वारदात में करीब 3 से 4 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। परिवार को चोरी की जानकारी अगले दिन दोपहर बाद तब हुई, जब वे घर लौटे। घर के अंदर कमरों के दरवाजे खुले पड़े थे और सामान बिखरा हुआ था। महेंद्र सिंह ने बताया कि उनके बेटे का सामान भी हवेली में रखा था, जिसे चोर अपने साथ ले गए। उनका बेटा बेंगलुरु में रहता है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि चोरी में किसी बाहरी व्यक्ति के बजाय आसपास के ही कुछ असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है। पड़ोसियों ने रात के समय बर्तनों के गिरने की आवाज भी सुनी थी, लेकिन उन्हें चोरी की आशंका नहीं हुई, जिससे चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की सूचना मासलपुर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।