करौली में मंगलवार को 15 दिवसीय 'ग्राम रथ अभियान' की शुरुआत हुई। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। जिला कलेक्ट्रेट परिसर से जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा, विधायक दर्शन सिंह गुर्जर और सपोटरा विधायक हंसराज मीना ने ग्राम रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 12 मई तक जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों— करौली, टोडाभीम, सपोटरा और हिण्डौन में चलेगा। इसके माध्यम से किसानों, पशुपालकों और आमजन तक योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाई जाएगी। हर ग्राम पंचायत में करीब 1 घंटा रुकेंगी मोबाइल वैन अभियान के तहत, एलईडी मोबाइल वैन प्रत्येक ग्राम पंचायत में लगभग एक घंटे रुकेंगी। ये वैन वीडियो और ऑडियो के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगी। इनमें कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास सहित कुल 13 विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी शामिल होगी। सुझाव पेटिका भी रखी ग्राम रथों में एक सुझाव पेटिका भी रखी गई है, जहां ग्रामीण अपनी समस्याएं और सुझाव दर्ज कर सकेंगे। इन सुझावों को अभियान समाप्त होने के बाद संकलित कर सरकार को प्रस्तुत किया जाएगा। अभियान के दौरान संध्या चौपालों का भी आयोजन होगा, जिनमें स्थानीय कला जत्था सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का संदेश लोगों तक पहुंचाएगा। विधायकों ने बताया किसानों के लिए लाभकारी विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने बताया कि इस अभियान के जरिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि शिकायत पुस्तिका के माध्यम से ग्रामीण अपनी समस्याएँ दर्ज करा सकेंगे, जिनका मूल्यांकन कर विकास की आगामी रूपरेखा तैयार की जाएगी। सपोटरा विधायक हंसराज मीना ने कहा कि यह अभियान किसानों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा। रथों के माध्यम से उन्हें योजनाओं की जानकारी मिलेगी और वे अपनी समस्याएँ व सुझाव सीधे सरकार तक पहुँचा सकेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से किसानों को आधुनिक तकनीक की जानकारी मिलेगी और वे कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकेंगे। इस अवसर पर एडीएम हेमराज परिड़वाल, कार्यवाहक सीईओ लखन सिंह कुंतल, सांसद प्रत्याशी इंदू देवी जाटव सहित कई संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।