करौली नगर परिषद में कॉलोनियों के पट्टे, वजीरपुर गेट मरम्मत और सफाई सुधारने की मांग उठी। नेता प्रतिपक्ष वीरेंद्र शर्मा ने पार्षदों संग आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वार्ड 50 के विवेक विहार, आनंद विहार और रामनगर सहित अन्य कॉलोनियों की 90-ए प्रक्रिया पूरी कर पट्टे देने को कहा गया। ये कॉलोनियां 2001 से बसी हैं, पर जमीन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। वार्ड 15 के वैशाली नगर स्थित खसरा संख्या 7019 का मामला भी उठाया गया। वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि प्रक्रिया पूरी होने से लोगों को पट्टे मिलेंगे और परिषद को भी पैसा मिलेगा। पार्षदों ने वार्ड 27 का दौरा कर सफाई देखी। पार्षद धर्मेंद्र शर्मा छन्नू ने वजीरपुर गेट की खराब हालत का मुद्दा उठाया। यह गेट मदन मोहन मंदिर जाने का मुख्य रास्ता है, जहां दिनभर लोगों का आना-जाना रहता है। इसकी खराब हालत से हादसे का डर है। आयुक्त से मिलकर गेट की मरम्मत और सफाई सुधारने की मांग की गई। इस दौरान पार्षद बनवारी हरदैनिया, संजय शर्मा, यतेंद्र बना शम्मी और टीकम चंद शर्मा भी मौजूद थे।