करौली-मंडरायल मार्ग पर स्थित मंडरायल घाटी क्षेत्र में 2 बाघ देखे गए हैं। इन बाघों के सड़क पर दिखाई देने से स्थानीय लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। वन विभाग के अनुसार ये दोनों बाघ टी-2303 के शावक बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक मंडरायल घाटी के ऊपरी हिस्से में ये दोनों बाघ सड़क के किनारे घूमते हुए देखे गए। राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। बाघों के सड़क के पास विचरण करने के कारण मार्ग से गुजरने वाले लोगों में सावधानी देखी गई। T-2303 के शावक होने का अनुमान वन विभाग के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि ये बाघ प्रथम दृष्टया T-2303 के शावक लग रहे हैं। विभाग की टीम लगातार उनके मूवमेंट पर कड़ी निगरानी रख रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर गश्त बढ़ाई जाएगी और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी किए जाएंगे। वन विभाग ने ग्रामीणों और वाहन चालकों से अपील की है कि यदि बाघ दिखाई दें तो उनके करीब नहीं जाएं और न ही उन्हें परेशान करने का प्रयास करें। किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को देने और पूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।