करौली के हिंडौनसिटी में 40 फीट गहरे कुएं में गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई। बेटा खेलते-खेलते घर के पीछे खेत में बने कुएं में गिर गया था। बच्चे के पानी में गिरने की आवाज सुनकर उसे ढूंढ रही मां भी वहां पहुंची। बच्चे को कुएं में देख वह भी कूद गई। घटना में दोनों की मौत हो गई। मामला नई मंडी थाना क्षेत्र के जगदीशपुरा गांव का रविवार दोपहर 3 बजे का है। पीहर से सुबह ही ससुराल आई थी विवाहिता नई मंडी थाना प्रभारी नरेश पोसवाल ने बताया-घटना में जगदीशपुरा गांव निवासी खुशबू जाटव (22) और उसके तीन वर्षीय बेटे वंश की मौत हुई है। पूछताछ में पति सूरज ने बताया- खुशबू रविवार सुबह 8.30 बजे ही अपने पीहर जटवाड़ा से वापस आई थी। मैं मजदूरी करने गया हुआ था। दोपहर में उन्हें खुशबू और वंश के कुएं में डूबने से मौत की सूचना मिली। ग्रामीणों ने मुझे बताया कि मौके से गुजर रहे एक ग्रामीण ने खुशबु को कुएं में कूदता देख शोर मचाया, जिसके बाद कुछ ग्रामीण वहां पहुंचे और दोनों को कुएं से बाहर निकाला। तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। चाचा भरतलाल ने दी रिपोर्ट थानाप्रभारी ने बताया-दोनों शवों को लाने की सूचना के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। मृतका के पीहर पक्ष से चाचा भरत लाल सहित कई लोग भी अस्पताल में मौजूद थे। चाचा भरतलाल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। भरतलाल ने बताया कि खुशबू के माता-पिता का निधन काफी वर्ष पहले हो चुका था। करीब चार वर्ष पूर्व उन्होंने ही खुशबू की शादी जगदीशपुरा निवासी सूरज जाटव से कराई थी। खुशबू कुछ दिन पहले पीहर जटवाड़ा आई थी। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे ही उसे ससुराल जगदीशपुरा भेजा था। दोपहर करीब 3 बजे उन्हें खुशबू और वंश के कुएं में डूबने से मौत की सूचना मिली।