करौली में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर दोनों को राजपुर मोड़ से पकड़ा गया और कोर्ट में पेश किया गया। सदर थानाधिकारी यदुवीर सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णुचंद सैनी पुत्र सुगन्या और जितेंद्र पुत्र धर्मी उर्फ धर्मसिंह दोनों निवासी गूलर घटा, करौली के रूप में हुई है। ये दोनों अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में वांछित थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस ने राजपुर मोड़ पर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ा। प्रारंभिक पूछताछ और जांच में संबंधित मामलों में उनकी संलिप्तता पाए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि अप्रैल में स्मैक के साथ गिरफ्तार किए गए एक आरोपी ने पूछताछ में विष्णुचंद सैनी से अवैध मादक पदार्थ खरीदने की बात कबूली थी। तभी से पुलिस विष्णुचंद की तलाश कर रही थी। इसी तरह जून में स्मैक तस्करी के एक अन्य मामले में गिरफ्तार आरोपी ने बताया था कि तस्करी में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी का मालिक जितेंद्र था। घटना के बाद से जितेंद्र फरार था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। इस पूरी कार्रवाई को सदर थाना प्रभारी यदुवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।