करौली कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस और 315 बोर का एक देसी कट्टा सहित 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। कुल 8 जिंदा कारतूस मिले हैं। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देश पर यह कार्रवाई वसुंधरा कॉलोनी क्षेत्र में हुई। पुलिस वाहन देखकर कुछ आरोपी अपने हथियार झाड़ियों और एक मकान की चारदीवारी में फेंककर भाग गए। पुलिस ने इनमें से पवन कुमार प्रजापत (24) निवासी ससेड़ी, हाल निवासी गोपाल गौशाला के पास, करौली को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों और मकान की चारदीवारी से हथियार मिले। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के लिए आया था। उसके अन्य साथियों और हथियारों की खरीद-फरोख्त के बारे में पूछताछ जारी है।