करौली पुलिस ने राजस्थान-मध्यप्रदेश सीमा से सटे उटगिरी और हसनपुर की पहाड़ियों में गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के कुख्यात डकैत भवानी केवट को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त घेराबंदी के बीच करीब चार घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद आरोपी ने आत्मसमर्पण कर दिया। हत्या, डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में वांछित भवानी केवट लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था। सीमावर्ती जंगलों में छिपा था आरोपी पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देश पर करणपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश का एक वांछित अपराधी राजस्थान सीमा से लगे जंगलों में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देवेश कुमार जाटव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने उटगिरी और हसनपुर की पहाड़ियों में लगातार दो दिनों तक रेकी और निगरानी की। जंगल और पहाड़ी इलाकों में आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। ग्रामीणों ने पहचानते ही शुरू किया पीछा बुधवार को जंगल में एक संदिग्ध युवक हथियार के साथ घूमता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने उसकी पहचान भवानी केवट के रूप में की। पहचान होते ही ग्रामीणों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पीछा कर रहे लोगों को डराने के लिए हवा में दो फायर किए और जंगल की ओर भाग निकला। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चार घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन सूचना मिलते ही पुलिस की अतिरिक्त टीमें मौके पर पहुंचीं। आसपास के गांवों के लोग भी पुलिस के साथ घेराबंदी में शामिल हो गए। जंगल से बाहर निकलने वाले सभी रास्तों पर कड़ी निगरानी रखी गई। करीब चार घंटे तक पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया। लगातार भागने, भीषण गर्मी और प्यास के कारण आरोपी की हालत बिगड़ने लगी। कैंसर से पीड़ित है डकैत भवानी केवट पुलिस जांच में सामने आया कि भवानी केवट गले के कैंसर से पीड़ित है। लगातार भागने और कमजोरी बढ़ने के कारण वह ज्यादा देर तक छिप नहीं सका। आखिरकार आरोपी ने अपने हथियार नीचे रख दिए और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। कई गंभीर मामलों में वांछित है आरोपी गिरफ्तार आरोपी भवानी पुत्र रामसिंह केवट, निवासी कलरघटी, मध्यप्रदेश के खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश के कई थानों में हत्या, डकैती, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। करणपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और संभावित आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।