करौली सदर थाना पुलिस ने भैंस चोरी की एक वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई पांच भैंसें बरामद की हैं। यह कार्रवाई बिचपुरी रोड स्थित हाजी कॉलोनी के पास की गई। सदर थाना अधिकारी यदुवीर सिंह ने बताया कि रामपुर धावाई निवासी चंदू गुर्जर ने मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया- वह अपने खेतों पर पहुंचा तो उसकी पांच भैंसें गायब मिलीं। काफी तलाश के बाद भी भैंसों का पता नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने चोरी का मामला दर्ज कराया था। मामले की जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिचपुरी रोड स्थित हाजी कॉलोनी के पास दबिश दी। वहां से जाखेर निवासी हुलसीराम को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपी हुलसीराम के कब्जे से चोरी की गई पांचों भैंसें बरामद कर लीं। पशुपालक चंदू गुर्जर ने बरामद भैंसों की पहचान अपनी भैंसों के रूप में की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अस्थायी रूप से मालिक को सुपुर्द कर दिया। पुलिस अब आरोपी हुलसीराम से गहन पूछताछ कर रही है। इसका उद्देश्य चोरी की इस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित अन्य आरोपियों का भी खुलासा करना है। इस कार्रवाई में सदर थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।