करौली में शिकारगंज क्षेत्र में मंडरायल रोड पर कांटे के पास 2 बाइक में टक्कर हो गई। इस हादसे में 45 साल के शिवलहरी माली की मौत हो गई, जबकि 35 साल का मोहन सिंह माली गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, बेरियापुरा निवासी शिवलहरी माली पुत्र रामकिशन माली और मोहन सिंह माली अपनी-अपनी बाइक से जा रहे थे। शिकारगंज के पास कांटे पर उनकी बाइकें आपस में टकरा गईं। मौके पर ही तोड़ा दम टक्कर में शिवलहरी माली को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को करौली के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। घायल मोहन सिंह माली के हाथ-पैर में चोटें आई हैं और उनका ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर कोतवाली थानाधिकारी विनोद सावरिया पुलिसकर्मियों के साथ अस्पताल पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। इधर, घायल के परिजनों ने अस्पताल में ठीक से इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। पुलिस हादसे की वजह पता कर रही है।