करौली में सांड ने रिटायर्ड टीचर को उठाकर पटक दिया। बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। वे घर के बाहर खड़ी कारों के पास से सांड को भगा रहे थे, तभी सांड ने हमला कर दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें सांड रिटायर्ड टीचर वासुदेव गुप्ता को सींगो से उछालते हुए नजर आ रहा है। घटना शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे चित्रकूट नगर में आशीर्वाद मैरिज हॉल के पीछे की है। पूरा घटनाक्रम पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घायल वासुदेव गुप्ता के बेटे विनोद गर्ग ने बताया- वार्ड संख्या 7 स्थित चित्रकूट नगर में यह सांड पिछले कई दिनों से घूम रहा था। इसने कई बार मेरी कार को भी नुकसान पहुंचाया। जब पिता जी ने सांड को वाहनों के पास घूमते देखा तो उन्होंने उसे भगाने का प्रयास किया। इसी दौरान सांड ने उन पर हमला कर दिया। उनको सींगो से उठाकर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर, उठ भी नहीं पाए सांड के हमले में वासुदेव गुप्ता के कूल्हे की हड्डी फ्रैक्चर हो गई। इससे वे उठ नहीं पाए। काफी देर बाद परिवार की महिलाओं को पता लगा तो वे उनको उठाकर ले गईं। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। परिषद में शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई वार्ड पार्षद राजकुमारी मीणा और उनके पति धरम मीणा ने कहा कि आवारा सांड, कुत्तों और बंदरों की समस्या को लेकर नगर परिषद को कई बार लिखित शिकायत दी गई है। हालांकि, इन शिकायतों पर अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि शहर में आवारा पशुओं और बंदरों के हमलों के साथ-साथ कुत्तों के काटने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आमजन में डर का माहौल है। धरम मीणा ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई नहीं की गई, तो नगर परिषद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। 3 दिन पहले 3 भाइयों की हुई थी मौत करौली शहर में सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं के कारण कोतवाली थाना इलाके में नेशनल हाईवे-23 पर मैगजीन क्षेत्र में बुधवार (22 जुलाई) शाम 6:30 एक बाइक ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में बाइक पर बैठे तीन भाइयों (कजिन) की मौत हो गई। ट्रक के पहिए तीनों का सिर कुचलते हुए निकल गए। पढ़ें पूरी खबर