करौली शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर परिषद, यातायात पुलिस और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर सड़क पर खड़े वाहनों और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। यह अभियान डीएसपी अनुज शुभम के निर्देशन में चलाया गया। कार्रवाई गुलाब बाग से हिंडौन दरवाजा, हॉस्पिटल रोड और गुलाब बाग से होटल नीर एंड नाइस तक की गई। अभियान के दौरान सड़क पर खड़ी 35 से ज्यादा बाइकों को जब्त किया गया। इसके अलावा दुकानदारों द्वारा सड़क पर रखे गए सामान, बोर्ड और अन्य अतिक्रमण सामग्री को भी हटाकर जब्त किया गया। अतिक्रमण करने पर होगी कड़ी कार्रवाई एसडीएम प्रेमराज मीणा ने बताया कि गुलाब बाग से हिंडौन दरवाजे तक अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। सड़क पर वाहन खड़ा करने, सामान फैलाने और अस्थायी दुकानें लगाने वालों के खिलाफ सख्ती बरती गई। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में यातायात को सुचारु बनाए रखना और आमजन को राहत प्रदान करना है।