केकड़ी नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न होने के बाद मंगलवार को पहले ही दिन विवाद खड़ा हो गया। नवनिर्वाचित नगर अध्यक्ष अनिल मित्तल और पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा पार्षदों व समर्थकों के साथ नगर पालिका परिसर में धरने पर बैठ गए। विवाद विधायक जनसुनवाई केंद्र की चाबी को लेकर सामने आया। जानकारी के अनुसार, उपाध्यक्ष पद का चुनाव पूरा होने के बाद मंगलवार शाम करीब 5 बजे अध्यक्ष अनिल मित्तल, पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा और बड़ी संख्या में पार्षद नगर पालिका पहुंचे। यहां विधायक जनसुनवाई केंद्र की चाबी को लेकर विवाद शुरू हो गया। चाबी नहीं मिलने पर अध्यक्ष और पार्षदों ने नगर पालिका परिसर में ही धरना शुरू कर दिया। धरना रात करीब 9 बजे तक जारी रहा। इस दौरान नगर पालिका परिसर में चाबी को लेकर काफी देर तक हंगामा और नारेबाजी का माहौल बना रहा। चाबी नहीं मिली तो केकड़ी बंद की चेतावनी नगर अध्यक्ष अनिल मित्तल ने कहा कि यदि उन्हें मंगलवार रात तक जनसुनवाई केंद्र की चाबी नहीं दी गई तो बुधवार को केकड़ी बंद करवाया जाएगा। उनकी इस चेतावनी के बाद मामला और गरमा गया। अध्यक्ष के साथ बड़ी संख्या में पार्षद और समर्थक धरने पर बैठे रहे। इससे नगर पालिका परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। नगर पालिका परिसर में भारी पुलिस बल तैनात विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए नगर पालिका परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।