खैरथल के रीको इंडस्ट्रियल एरिया निवासी देव गुप्ता को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति देहरादून में हुई है, जहां वे देश सेवा का दायित्व निभाएंगे। इस उपलब्धि से खैरथल सहित आसपास के क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। 2021 में आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज में हुआ था चयन देव गुप्ता, मुकेश गुप्ता के बेटे हैं। उनके पिता ने बताया कि देव का चयन वर्ष 2021 में पुणे स्थित प्रतिष्ठित आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (AFMC) में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए हुआ था। देव ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी की। अब वे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हैं। देव गुप्ता के लेफ्टिनेंट बनने की खबर मिलते ही खैरथल एवं आसपास के क्षेत्रों में बधाई देने वालों का तांता लग गया। उनके निवास पर समाज के विभिन्न वर्गों, मित्रों और शुभचिंतकों द्वारा शुभकामनाएं दी जा रही हैं। देव की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। यह दर्शाती है कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।