खैरथल के हरसौली रोड स्थित अंबेडकर सर्किल के पास फर्नीचर दुकान के पीछे बने गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और क्षेत्र में घना धुआं फैल गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग उस समय लगी जब गोदाम से सटे मकान में एक ही परिवार के पांच सदस्य मौजूद थे। परिवार में संजय जैन (55), उनकी पत्नी मोनिका जैन (46), बेटी हिमांशी जैन (22), पलक जैन (19) और बेटे जिनेन्द्र जैन (17) शामिल थे। व्यापारी संजय जैन ने बताया- उनकी बेटी पलक जैन को सबसे पहले आग लगने की भनक लगी। उन्होंने तुरंत घरवालों को सतर्क किया, जिसके बाद सभी लोग तुरंत बाहर की ओर भागे और सुरक्षित निकल आए। इस दौरान संजय जैन ने सूझबूझ दिखाते हुए घर में रखा गैस सिलेंडर आग की चपेट में आने से पहले बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान उनके हाथ में हल्की चोट लग गई। सूचना मिलते ही फायरमैन अमित शर्मा के नेतृत्व में खैरथल फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए किशनगढ़बास से भी दमकल बुलाई गई। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब 4 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। खैरथल एसएचओ रामकिशन यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर तत्परता दिखाते हुए गोदाम में रखा फर्नीचर कुर्सियां, पलंग, टेबल, अलमारियां आदि बाहर निकाल लिया, जिससे काफी सामान को जलने से बचा लिया गया। गोदाम में रखे लकड़ी और फोम के फर्नीचर के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में विद्युत लाइनों की नियमित जांच और अग्नि सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। इस दौरान मौके पर मुंडावर विधायक ललित यादव, खैरथल नगर परिषद के उपसभापति वरुण डाटा, पार्षद करण चौधरी सहित अनेक लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।