ट्रैक्टर चोरी करने आए चोर ने किसान पर कुल्हाडी से हमला कर घायल कर दिया। आरोपी ने किसान की आंख और पैर पर भी वार किए। किसान के चिल्लाने पर आरोपी मौके पर कुल्हाडी छोडकर भाग गया। मामला खैरथल थाना क्षेत्र के जटियाना गांव का 18 जुलाई का है। किसान ने कल शाम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, जटियाना निवासी सतीश गुर्जर (46) ने 20 जुलाई को मामला दर्ज कराया कि अपनी रिपोर्ट में बताया कि 18 जुलाई 2026 की रात लगभग 11:40 बजे वह अपने घर में सो रहे थे। तभी उन्हें बाहर से कुछ आवाज सुनाई दी। बाहर जाकर देखने पर उन्होंने पाया कि गांव का ही कृष्ण पुत्र भूपन उनके नए ट्रैक्टर को चोरी करने की कोशिश कर रहा था। आरोपी ट्रैक्टर को चालू कर बरामदे से बाहर निकाल रहा था। ट्रैक्टर की नंबर प्लेट भी अभी नहीं लगी थी। नीचे उतारने का प्रयास किया तो हमला सतीश ने जब आरोपी कृष्ण को पकड़कर ट्रैक्टर से नीचे उतारने का प्रयास किया, तो आरोपी ने अपने हाथ में मौजूद कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी का पिछला हिस्सा सतीश के सिर में लगा, जिससे वह घायल हो गए और उनके सिर से खून बहने लगा। इसके बाद आरोपी ने उनकी आंख और पैर पर भी वार किए। घायल सतीश ने शोर मचाकर अपने भाई और पुत्र को बुलाया। उन्हें मौके पर आता देख, आरोपी कृष्ण अपनी टूटी हुई कुल्हाड़ी घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने घायल सतीश को संभाला और प्राथमिक उपचार देकर खून बहना रोका। पीड़ित की शिकायत के आधार पर खैरथल थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक धर्मपाल को सौंपी गई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।