खैरथल में मुख्यमंत्री विकसित ग्राम और शहरी वार्ड अभियान के तहत विभिन्न वार्डों की समस्याओं पर चर्चा की गई और विकास कार्यों से संबंधित मांगें प्रस्तुत की गईं। यह अभियान नवीन वार्ड नंबर 06 से 19 के लिए नगर परिषद सभागार में, वार्ड नंबर 01 से 05 और 45 के लिए सरकारी स्कूल नागल संतोकड़ा में, तथा वार्ड नंबर 20, 21, 22 के लिए पंचायत भवन निभेड़ा में आयोजित किया गया। अभियान के दौरान सभी वार्डों से विभिन्न मांगों के प्रस्ताव नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा को सौंपे गए। इन मांगों में मुख्य रूप से विकास कार्यों, अतिक्रमण हटाने, जोहड़ और नालों की ब्लॉकेज खोलने जैसे मुद्दे शामिल थे। भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने गंदे पानी की निकासी, सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई, लाइट व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और सीसीटीवी कैमरों को ठीक करवाने जैसी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। सभी वार्डों के प्रोफाइल तैयार किए थे मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान के तहत सभी वार्डों के प्रोफाइल तैयार किए गए थे। वार्ड सभाएं आयोजित की गईं, जिनमें जन प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खैरथल नगर परिषद क्षेत्र में शामिल हुए नए वार्डों के नागरिकों ने भी इन सभाओं में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, सहायक अभियंता भूपेंद्र गुर्जर, कनिष्ठ अभियंता मोतीलाल वर्मा, खैरथल भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, एससी समाज के पूर्व अध्यक्ष रामबाबू जाटव, लेखराज लोढ़ा, दिलीप गुप्ता, नरेंद्र अग्रवाल, तरुण दुलानी, रिंकेश योगी, पार्षद बलबीर सैनी, हितेश डाटा, मनोज अग्रवाल, धीरज यादव, सुशील नेता और नगर परिषद स्टाफ के कमलेश कुमार, रोहित, हवासिंह, मनोज सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।